सहारनपुर। कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव साल्हापुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है। युवक की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। 

गांव साल्हापुर सरसावा मार्ग पर स्थित है। इस गांव में रहने वाला अनुसूचित जाति का विकास (25 वर्ष) पुत्र गोपाल सोमवार रात करीब पौने सात बजे बाइक पर अपने एक साथी के साथ भट्ठे से घर लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसे दो गोली मार दी। एक गोली विकास के पेट पर और दूसरी सीने पर लगी है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। इसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। विकास के परिजन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस भी आ गई। इसके बाद लहूलुहान हालत में विकास को नकुड़ स्थित प्राइवेट चिकित्सक के यहां लाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोपाल का पिता होमगार्ड हैं।

विकास के चाचा अरुण ने बताया कि विकास का एक भाई और तीन बहने हैं, विकास सबसे बड़ा था। वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। गोलियां मारने वाले अज्ञात हैं। विकास की किसी से रंजिश भी नहीं थी। ऐसे में उसकी हत्या क्यों हुई, इस कारण का पता नहीं चला है। विकास की मौत होने पर परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ नकुड़ अरविंद सिंह पुंडीर का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिवार वालों से जानकारी ली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विकास का हाल फिलहाल किसी से विवाद तो नहीं हुआ या फिर कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है।