मेरठ। बागपत रोड पर मलियाना फ्लाईओवर के नजदीक सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाश कार सवार से चार लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
कंकरखेड़ा निवासी रविंद्र मेरठ के केसरगंज में थोक विक्रेता व खल-चूरी के व्यापारी चंद्रमोहन सिघल के यहां काम करता है। आज दोपहर 12 बजे रविंद्र बागपत के मलियाना रोड स्थित साबुन गोदाम से एक व्यापारी से चार लाख रुपये लेकर केसरगंज लौट रहा था।
इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और हथियारों के बल पर उससे रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग लेकर बदमाश फरार हो गए। कर्मचारी ने पुलिस और मालिक को लूट की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू की।
