सहारनपुर। बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव नूनाबड़ी में पुरानी रंजिश के चलते बुधवार की तड़के घेर में सोते समय 16 वर्षीय किशोर की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। सूचना पर एसपी देहात अतुल शर्मा और सीओ ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेजा गया। मृतक के भाई ने पांच नामजद सहित सात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव नूनाबड़ी में बुधवार की सुबह चार बजे आस मोहम्मद के बेटे आशू उर्फ आसिफ (16) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। खेत से लौटे मृतक के भाई ने उसके शव को देख कर शोर मचाया तो मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। किशोर की हत्या की सूचना पर एसपी देहात अतुल शर्मा, देवबंद सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच पड़ताल की। इसके बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेजा।

मृतक के भाई राशिद की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी भूरा पुत्र सलीमू, उसमान पुत्र भूरा, लीला उर्फ मोबीन पुत्र सलामू, सलीम पुत्र लीला व इनाम पुत्र खलील सहित दो अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की हत्या के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। सीओ देवबंद दुर्गाप्रसाद तिवारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

दो साल पहले हुई हत्या की रंजिश में हुआ कत्ल
करीब दो वर्ष पूर्व नूनाबड़ी गांव निवासी अहसान के पुत्र फारूख (20) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इसमें मृतक के पिता आस मोहम्मद पुत्र नियाज सहित मृतक के दो भाइयों को नामजद किया गया था। इसी रंजिश में आसिफ की हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार ये तीनों आरोपी जिला बदर हैं।