लखनऊ। क्षेत्रीय उड़ान योजना में गोरखपुर से वाराणसी और कानपुर के लिए मार्च से उड़ान शुरू होने जा रही है। विमानन कंपनी स्पाइस जेट को इसकी जिम्मेदारी मिली है।

शेड्यूल जारी होते ही टिकटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी। वहीं बरेली के लिए मई से उड़ान शुरू होने की उम्मीद है। गोरखपुर से अभी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, लखनऊ व प्रयागराज के लिए रोजाना 11 विमान उड़ान भर रहे हैं।

स्पाइस जेट का 70 सीटर विमान गोरखपुर से रोजाना वाराणसी व कानपुर के लिए उड़ान भरेगा। इसको लेकर एयरपोर्ट प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। विमान से आने-जाने का किराया 1500 से 2000 के बीच होने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि शेड्यूल जल्द ही जारी हो जाएगा। वाराणसी व कानपुर के लिए हवाई सेवा शुरू होने के बाद अगले चरण में बरेली व सहारनपुर को गोरखपुर से जोड़ा जाएगा। एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई ने बताया कि मार्च में वाराणसी व कानपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है।

बरेली-सहारनपुर के लिए भी अप्रैल के तीसरे सप्ताह में शेड्यूल जारी होने की संभावना है। इन चारों सेवाओं के शुरू हो जाने के बाद गोरखपुर से यूपी में छह जगहों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएगी। अभी क्षेत्रीय उड़ान स्कीम के तहत लखनऊ और प्रयागराज के लिए उड़ान सेवाएं मौजूद हैं।