जेल में आसाराम बापू की तबीयत बिगड़ गई है। जिससे उनको जोधपुर के एम्स आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों का कहना है कि आसाराम बापू के लीवर एंजाइम और यूरीन में इंफेक्शन हो गया था
दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे आसाराम बापू ने मेडिकल आधार पर शीर्ष अदालत में अर्जी दाखिल करके 6 हफ्ते की जमानत मांगी थी। सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल करते उन्होंने यह कहा था कि उन्हें 6 हफ्ते की जमानत दी जाए जिससे वह आयुर्वेद के सहारे अपना इलाज करवा सकें। मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम बापू से कहा कि आप जेल में रहकर इलाज कराइए।
गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट ने भी मई माह में आसाराम बापू की अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। आसाराम की ओर से स्वास्थ्य के आधार पर अंतरिम जमानत की मांग की गई थी। पिछले साल राजस्थान हाईकोर्ट ने आसाराम को रोजाना एक बार जोधपुर केंद्रीय जेल से बाहर का खाना मंगाने की इजाजत दे दी थी। हालांकि अदालत ने कहा कि बाहर से लाए गए खाने को आसाराम को देने के पहले जेल अधिकारी इसकी पूरी जांच कर लेंगे।
आसाराम ने अदालत में एक याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि बुजुर्ग होने और मेडिकल कंडीशन के कारण उसे जेल के बाहर से ऐसा खाना मंगाने की अनुमति दी जाए जो उनके स्वास्थ्य के लिए अनुकूल हो। उनके वकील जेएस चौधरी ने दलील दी थी कि जेल में दिया जाने वाला भोजन आसाराम के अनुकूल नहीं है और इससे उसके स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
