सहारनपुर। गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव मैनपुरा में दुकान के बाहर सामान खरीदने के लिए खड़े चार मासूम बच्चों को तेज गति से आती अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए।

गंगोह -नकुड मार्ग पर स्थित गांव मैनपुरा निवासी प्रदीप का बेटा अंश (8), मुकेश की बेटी अंजलि (4), बृजेश की बेटियां खुशप्रीत (5) व नवप्रीत (6) शुक्रवार दोपहर में मुख्य मार्ग पर स्थित एक दुकान पर समान खरीदने गए थे। चारों बच्चे दुकान के बाहर खड़े थे इसी दौरान गंगोह की ओर से एक आल्टो कार तेज गति से आई और बच्चों को चपेट में लेकर कुचलते हुए फरार हो गई। हादसे में चारों बच्चे घायल हो गए।

परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को गंगोह सीएससी पहुंचाया। जहां से बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने अंश और अंजलि को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल खुशप्रीत और नवप्रीत का उपचार कर उन्हें परिजनों के साथ भेज दिया। चारों बच्चे एक ही कुटुंब के है।

दो बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ और इंस्पेक्टर ने भी गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से हादसे की जानकारी ली। उधर, कार चालक आल्टो कार को नकुड के रामगढ़ गांव में छोड़कर फरार हो गया। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है चालक की तलाश की जा रही है।