बागपत। जिले के बड़ौत में अपनों ने ही अपनों का खून बहा दिया। वो भी बहुत ही मामूली बात पर। युवक ने पारिवारिक विवाद से गुस्से मेें आकर अपनी दो बहनों और पिता की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। जिसने भी इस वारदात के बारे में सुना वह सन्न रह गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बड़ौत के पट्टी चौधरान में रविवार देर रात की है। रात लगभग तीन बजे कनिष्क विहार कालोनी की गली नंबर चार से किसी ने पुलिस को फोन करके तिहरे हत्याकांड triple murder की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही सीओ युवराज सिंह, इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा व पुलिस बल आनन.फानन में मौके पर पहुंच गई। वहां का मंजर का देखकर एक बार तो पुलिस के भी होश उड़ गए। मौके पर दो बहनों और उनके पिता का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था।
सीओ युवराज ने बताया कि लगभग 60 वर्षीय बृजपाल, उनकी बेटी 24 वर्षीय ज्योति और 17 वर्षीय अनुराधा की हत्या हुई है। इस वारदात को अंजाम रात लगभग सवा दो बजे बृजपाल के बेटे अमर ने धारदार हथियार से दिया है। मां शशीबाला ने घटना का विरोध किया तो उसे भी मारने का प्रयास किया। घटना के पीछे पारिवारिक कलह निकलकर सामने आ रही है। तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। घटना की जांच शुरू कर दी है। युवक की मां शशीबाला से घटना की जानकारी ली जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
