मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र के अहरोड़ा गांव में पापुलर का पेड़ काटने को लेकर हुई कहासुनी में चौकीदार ने लाइसेंसी बंदूक से चाचा भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

शनिवार को शिव शंकर शर्मा (48) अपने भतीजे नकुल (30) के साथ खेत पर गया था। खेत की मेढ़ से पॉपुलर का पेड़ काट लिए जाने के कारण परिवार के ही जगेश शर्मा और उसके बेटे से दोनों की कहासुनी हो गई। जगेश गांव का पुलिस चौकीदार भी है। विवाद बढ़ने पर चौकीदार अपने बेटे के साथ खेत पर बने मकान पर चल गया और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करने लगा। गोली लगने से चाचा भतीजे की मौत हो गई।

बीच बचाव के लिए आए शिव शंकर के भतीजे विकास और भरत भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पास के ही खेत में काम कर रही सावित्री नाम की महिला को भी छर्रे लगे। हमलावरों ने मकान की छत से उतर कर चाचा भतीजे पर धारदार हथियारों से भी वार किए। किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों को उनके मकान से ही दबोच लिया। आरोपी भागने की फिराक में थे।