बिजनौर। बाइक सवार जीजा साले की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है। बाइक चलाने समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहने थे। हेलमेट होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
थाना हल्दौर के गांव नवादा तुल्ला निवासी संजीव कुमार (24) पुत्र समर सिंह अपने जीजा संभल निवासी उमेश कुमार (28) के साथ किसी काम से बाइक से बिजनौर आ रहे थ। चांदपुर रोड पर छोईया नदी के पुल के पास उन्हें बिजनौर की ओर से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। भीषड़ हादसे में संजीव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उमेश कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां उसकी भी मौत हो गई। नवादा तुल्ला के रिंकू ने दोनों की शिनाख्त की। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वे रोते बिलखते हुए जिला अस्पताल पहुंचे।
परिजनों का रोते रोते बुरा हाल हो गया। गांव वालों की भी जिला अस्पताल में भीड़ लग गई। गांव वालों ने बताया कि छोईया नदी पर बना पुल बहुत संकरा है। इस पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और राहगीरों की जान जाती रहती है। बताया कि पुल को चौड़ा करने की मांग काफी समय से की जा रही है लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं देता है।
पुलिस के अनुसार संजीव और उमेश में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। अगर उन्होंने हेलमेट लगाया होता तो जान का नुकसान शायद नहीं होता। पुलिस उनकी बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुट गई है।
