मेरठ। भाजपा विधायक संगीत सोम की सुरक्षा में तैनात गनर ने एक महिला को मोहल्ले में बीच सड़क पर जमकर पीटा। सिपाही का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिससे पुलिस महकमें में खलबली मच गई।

मामला थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के राजनगर कॉलोनी की बताई जा रही है। जहां भाजपा विधायक का गनर सतेंद्र अपने परिवार के साथ रहता है। उसी कॉलोनी में और भी कई परिवार रहते हैं। इसी कालोनी में एक सैनिक का परिवार भी रहता है। सैनिक के परिवार की महिला घर के सामने पड़े खाली प्लॉट में कपड़े सुखाती हैं। बताया जाता है कि कपड़े सुखाने के विवाद को लेकर ही गनर ने महिला के साथ पहले गाली गलौज की और फिर जब विवाद बढ़ गया तो उसको जमकर पीटा।

मारपीट के बाद सिपाही ने महिला को खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने सिपाही की करतूत का वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं महिला भी तहरीर लेकर थाने पहुंची है। इस पूरे मामले में एसपी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। सत्यता पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।