नई दिल्ली। बीजेपी ने अपनी 80 सदस्यों की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। इसमें से आश्चर्यजनक रूप से वरुण गांधी, मेनका गांधी का नाम शामिल नहीं है। माना जा रहा है कि लखीमपुर प्रकरण में वरुण गांधी ने सरकार के ख़िलाफ़ बयान दिया था। जिसका खामियाजा उनको भुगतना पड़ा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को पार्टी की 80 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्य के कई नेताओं के नाम शामिल हैं। इसके अलावा इस सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को फिर से शामिल किया गया है। इस सूची में वरुण गांधी और मेनका गांधी का नाम नहीं है।
तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के दौरान किसानों के पक्ष में बयानबाजी करने वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी, उनकी सांसद मां मेनका गांधी और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को कार्यकारी सदस्य के पद से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। 80 नियमित सदस्यों के अलावा, कार्यकारिणी में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य भी होंगे।
