नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की चर्चित फालता विधानसभा सीट पर मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। दोपहर 4:30 बजे तक 21 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु ने एक लाख से अधिक वोटों की बढ़त बना ली है। उन्हें अब तक 1.48 लाख से ज्यादा वोट मिल चुके हैं।
वहीं, दूसरे स्थान पर CPM उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी बने हुए हैं। उन्हें करीब 40 हजार वोट मिले हैं। दिलचस्प बात यह है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर चल रहे हैं। अभी तक की मतगणना के अनुसार उन्हें 7 हजार से अधिक वोट मिले हैं। फालता सीट पर कुल 22 राउंड की काउंटिंग होनी है और अंतिम नतीजे का इंतजार किया जा रहा है।
फालता सीट पर 21 मई को 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया था। चुनाव आयोग के मुताबिक रीपोलिंग में मतदान प्रतिशत बढ़कर 88.13 फीसदी पहुंच गया, जबकि 29 अप्रैल को हुए मूल मतदान में 86.71 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी। माना जा रहा है कि रीपोलिंग के बाद इस सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया था।
हालांकि चुनावी तस्वीर में बड़ा मोड़ तब आया, जब तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने दोबारा मतदान से कुछ दिन पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी थी। इसके बावजूद उनका नाम बैलेट और ईवीएम में बना रहा, जिसके चलते उन्हें वोट मिल रहे हैं।
फालता सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच माना जा रहा था, लेकिन शुरुआती रुझानों और अब तक की मतगणना ने भाजपा को स्पष्ट बढ़त दिला दी है। अब सभी की नजरें अंतिम राउंड की गिनती और आधिकारिक परिणाम पर टिकी हैं।
