बिजनौर। मंडावर क्षेत्र में बड़ा हादसा होने से बच गया। गन्ना छिलने जा रहे 20 लोगों से भरी नाव गंगा पार करते समय पानी के तेज बहाव के कारण डूब गई। लोगों की चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद रेस्क्यू आपरेशन चलाकर लोगों को बचा लिया गया। इसमें दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार सुबह मंडावर क्षेत्र में गांव राजारामपुर और देबलगढ़ के 20 से ज्यादा लोग गन्ना छिलने मूला सिंह ग्राम प्रधान देवलगढ़ के खेत पर जा रहे थे। गंगा नदी पार करते समय तेज बहाव के कारण उनकी नाव पलट गई। जिससे सभी लोग पानी में डूब गए। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां जुटे लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया।
जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ मिलकर ग्रामीणें ने सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। इसमें राधा, पुत्र रतिराम व ओम प्रकाश पुत्र खचेडू निवासी ग्राम देवलगढ की हालत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं एक महिला के लापता होने की सूचना है, जिसको ग्रामीण और पुलिस ढूंढने में लगी है ।
