पटना। बीपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मुद्दे को लेकर जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने राज्यपाल से छात्रों को न्याय दिलाने की अपील की।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने बताया कि राज्यपाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस मामले पर बात करने का भरोसा दिलाया है। साथ ही, उन्होंने पटना के डीएम और एसपी को भी छात्रों के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाने का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने बीपीएससी के अध्यक्ष से भी तुरंत बात की।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने जन सुराज अभियान के संयोजक प्रशांत किशोर पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने प्रशांत किशोर को “फ्रॉड किशोर” कहते हुए आरोप लगाया कि वह “दौलत स्वराज पार्टी” चला रहे हैं और छात्रों के मुद्दों से भाग रहे हैं। पप्पू यादव ने कहा,”प्रशांत किशोर ने प्रदर्शन में शामिल होकर छात्रों को धोखा दिया और बीच में ही प्रदर्शन स्थल से चले गए। छात्रों को ऐसे नेताओं को माफ नहीं करना चाहिए।”
प्रशांत किशोर ने पप्पू यादव के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पप्पू यादव को “फ्रीलांसर नेता” करार देते हुए कहा कि उनकी राजनीति केवल विवाद और व्यक्तिगत हमलों पर आधारित है। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि वह छात्रों के मुद्दों के प्रति संवेदनशील हैं और उनका अभियान पूरी तरह पारदर्शी है।
रविवार देर शाम पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। प्रदर्शनकारी छात्र भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध कर रहे थे। इस लाठीचार्ज के बाद छात्रों में आक्रोश है। प्रदर्शन में प्रशांत किशोर की मौजूदगी और बाद में उनके चले जाने को लेकर छात्रों के बीच असंतोष की खबरें आ रही हैं। इसी मुद्दे पर पप्पू यादव ने एक वायरल वीडियो का हवाला देते हुए प्रशांत किशोर पर निशाना साधा।
बीपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज का मामला अब छात्रों के मुद्दे से हटकर राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है। राज्यपाल की दखल से इस मामले में कुछ ठोस कदम उठाने की उम्मीद है, लेकिन पप्पू यादव और प्रशांत किशोर के बीच बयानबाजी ने इसे और भी गर्मा दिया है।
