शामली। कैराना में आर्य पुरी बाईपास के पास स्थित ईंट भट्ठे पर 55 वर्षीय चौकीदार की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। ईंट भट्ठे के बरामदे में शुक्रवार सुबह उसका खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवाया।

आर्य पुरी देहात निवासी 55 वर्षीय फैय्याज आर्य पुरी बाईपास के पास स्थित प्रेम सिंह के ईंट भट्ठे पर चौकीदारी का काम करता था। बृहस्पतिवार रात फैय्याज भट्ठे पर मौजूद था। शुक्रवार सुबह अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो बरामदे में खून से लथपथ फैय्याज का शव पड़ा था। हत्यारे ने उसके सिर पर धारदार हथियारों से वार कर रखे थे। मौके पर काफी खून भी पड़ा था।

हत्या की सूचना पर मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। शव के पास ही शराब की बोतल, दो डिस्पोजल गिलास, नमकीन का खाली पैकेट और पानी खाली बोतल पड़ी थी। फैय्याज के पुत्र इरशाद ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ तहरीर दी है।