मेरठ। हस्तिनापुर हाईवे पर बने रोडवेज बस स्टैंड परिसर से सटे धार्मिंक स्थल की दीवार को तोड़ डाला और उस पर अवैध कब्जे का प्रयास किया। इस मामले की शिकायत पर रविवार दोपहर स्टेशन अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद स्टेशन अधीक्षक ने अपनी रिपोर्ट विभागीय और प्रशासनिक अफसरों को सौपेंगे।
मेरठ डिपो से आए स्टेशन अधीक्षक देवेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि मवाना में रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण के दौरान जनभावनाओं की धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखते हुए रोडवेज के तत्कालीन अफसरों ने विभाग की 110 मीटर जमीन छोड़ दी थी। आसपास के लोगों ने कहा था कि यहां पर धार्मिक स्थल है। इस कारण रोडवेज चाहरदीवारी को हटाकर बनवा दिया गया था।
स्थानीय स्टेशन प्रभारी सुभाष चन्द्र ने 24 मार्च को एसडीएम को दिये शिकायती पत्र में कहा था कि रोडवेज स्टेशन की जमीन पर बने धार्मिक स्थल की दीवार को तोड़कर भूमाफिया दुकान बनाना चाहता है। इस तरह से वह रोडवेज स्टैंड की जमीन पर कब्जा करने के प्रयास में है। स्टेशन प्रभारी ने यह शिकायती पत्र डीएम, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजा था।
