सहारनपुर। भाई की शादी के लिए परेशान युवती से फेसबुक पर दोस्ती की। उसके बाद उसे छत्तीसगढ़ बुलाया और फिर उसकी जहर देकर हत्या कर दी। छत्तीसगढ़ में उसका शव मिला। उसके आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुई।

नागल थाना क्षेत्र के गांव नैनसोब निवासी सोनिया उर्फ लक्की त्यागी ;25 वर्ष अपने बड़े भाई की शादी कराने के लिए परेशान थी। इसी बीच फेसबुक पर उसकी दोस्ती मेघना से हुई। सोनिया ने उससे कहा कि मेरे भाई की शादी यदि छत्तीसगढ़ से तुम करा दो तो अच्छा होगा। इस पर मेघना ने सोनिया से कहा कि मैं ही तुम्हारे भाई से शादी करने को तैयार हूं। इसके बाद मेघना ने सोनिया को छत्तीसगढ़ बुलाया।

चार अक्तूबर को सोनिया छत्तीसगढ़ चली गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं आई और उसके फोन पर भी परिजनों का संपर्क नहीं हो सका। इसके चलते 21 अक्तूबर को परिजनों ने नागल थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई। 22 अक्तूबर को युवती का शव छत्तीसगढ़ में मिला। वहां की पुलिस को सोनिया के पास से आधार कार्ड मिला, जिसके जरिये नागल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस को यह भी पता चला कि सोनिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्थित एक होटल में रुकी थी, वहां उसके पास कुछ गिफ्ट पैक भी थे। मंगलवार को सोनिया का शव गांव नैनसोब लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।