तमिलनाडु में कुन्नूर में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई है। इसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी भी शामिल हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज चल रहा है।
यह हेलीकॉप्टर सूलूर से वेलिंगटन के लिए उड़ा था और कुछ देर बाद क्रैश हो गया, सीडीएस रावत पत्नी समेत दिल्ली से एम्ब्रेयर विमान से सुलूर पहुंचे थे और फिर सुलूर से वेलिंगटन जा रहे थे।
अमेरिका के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के प्रमुख जनरल मार्क मिले ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत और सैन्य कर्मियों के दुर्घटना में शहीद होने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हमें इन सभी को खोने का गहरा दुख है। मिले ने कहा कि सीडीएस रावत ने भारतीय सेना पर स्थायी प्रभाव डाला और अमेरिका और भारत के बीच हमारे सैन्य संबंधों को मजबूत किया।
तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर में सीडीएस जनरल बिपिन रावतए उनकी पत्नी और सशस्त्र बल के अन्य अधिकारियों का निधन पर उत्तराखंड में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभिनव कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार शुक्रवार 10 दिसंबर को दिल्ली छावनी में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर के कल शाम तक एक सैन्य विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। शवों को शुक्रवार को उनके घर लाया जाएगा और लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अंतिम सम्मान देने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद एक अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगाए जो कामराज मार्ग से दिल्ली छावनी में बरार स्क्वायर श्मशान तक जाएगा।
