बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तिलपनी गांव में कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा तरन्नुम (17) की बुधवार शाम को चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस को वहां से खून में सना हुआ चाकू भी मिला है। छात्रा के परिवार के सदस्य घर से गायब है। पुलिस ऑनर किलिंग सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। 

तरन्नुम के माता-पिता की करीब दस साल पहले मौत हो चुकी है। उसके बाद से वह अपनी दादी जरीना के पास रहती थी। उसका भाई भी साथ ही रहता है, बराबर के कमरों में उसके दो चाचा रहते हैं। बुधवार शाम तरन्नुम घर में अकेली थी, उसकी दादी व दोनों चाचा नमाज पढ़ने के लिए गए थे। उसका भाई उस वक्त घर से बाहर था। 
पुलिस के अनुसार नमाज के बाद दादी घर पहुंची तो उसने छात्रा का शव पड़े देखा। उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस को सूचना देने के बाद से परिवार के सभी सदस्य घर से गायब है। 

एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि वहां पूछताछ में पता चला है कि छात्रा की बरसिया गांव के किसी युवक से जान पहचान थी और उससे बातचीत भी करती थी। इसको लेकर घर में विवाद भी कई बार हुआ। इसको देखते हुए ही जांच की जा रही है और छात्रा के परिवार के लोगों के मिलने पर ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी। एसपी के अनुसार छात्रा के भाई व चाचा को तलाश किया जा रहा है।