गोंडा । शहर के लोगों को एक शानदार तोहफा मिलने जा रहा है। वह है राधाकुंड का। राधाकुंड को साफ कराकर भव्य बनाया जाएगा, जो एक बार फिर गांेडा की पहचान बनेगा। इसके लिए डीएम डॉ उज्ज्वल कुमार के निर्देश पर राधाकुण्ड की सफाई का कार्य शुरू हो गया है। जिससे जल्द ही राधाकुंड को उसका खोया गौरव वापस मिल सके।
नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता की अगुवाई में नगर पालिका की टीम राधाकुण्ड में साफ.सफाई का काम कर रही है। प्रभारी अधिकारी नगर पालिका, नगर मजिस्ट्रेट तथा ईओ को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान चलाकर राधाकुण्ड की सफाई कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में राधाकुण्ड के सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा जिसके लिए वृहद योजना बनाई जाएगी।
इसके अलावा सभी नगर निकायों में अभियान चलाकर सफाई कराने व यथासम्भव ओपन जिम, पार्क आदि विकसित करने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। संचारी रोगों से बचाव को लेकर नगर निकाय क्षेत्रों में फागिंग का कार्य भी रोस्टर के अनुसार कराए जाने के निर्देश दिए हैं। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सभी ईओ को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
