लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उनके अब तक के कार्यकाल में साढ़े चार लाख से ज्यादा नौकरियां दी गई हैं और इनमें से किसी भी नियुक्ति पर कोई उंगली नहीं उठा सकता।

मुख्यमंत्री ने यहां आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में नवनियुक्त 33 सहायक अभियंताओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि पिछले साढ़े चार साल में राज्य सरकार ने शासकीय नियुक्तियों को पारदर्शी तरीके से संपन्न किया है।

लगभग साढ़े चार लाख नौजवान अब तक प्रदेश में अलग-अलग विभागों में सरकारी नौकरी प्राप्त कर चुके हैं और एक भी नियुक्ति पर कोई उंगली नहीं उठा सकता क्योंकि सभी पदों पर नियुक्ति पारदर्शी तरीके से की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002 से लेकर 2017 के बीच जितनी नियुक्तियां शासकीय विभागों या निजी क्षेत्र में नहीं हुई होंगी, उससे कई गुना अधिक नियुक्तियां सिर्फ इन साढ़े चार वर्षों में हुई है।

इसके लिए किसी भी अभ्यर्थी को कहीं सिफारिश कराने की जरूरत नहीं पड़ी और जहां कहीं भी हमें थोड़ी भी भनक लगी, उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की गई। अगर यह पूरी श्रम शक्ति ईमानदारी से काम करने में लग जाए तो कोई कारण नहीं है कि हम दूसरी पायदान पर खड़े उत्तर प्रदेश को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने में कहीं पीछे रह जाएंगे।