मुजफ्फरनगर। जिले में हुए दंगे को अभी भी लोग भूल नहीं पाए हैं। ऐसे में भी कुछ आराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला है तितावी के कस्बा बघरा का यहां मंदिर में घुसे दूसरे संप्रदाय के एक युवक ने मूर्तिंयां खंडित कर दीं। जिससे लोग भड़क उठे और युवक को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को दे दिया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

क्षेत्र के मोहल्ला खटीकान में दुर्गा माता मंदिर में सोमवार सुबह दूसरे संप्रदाय का एक युवक घुस गया। उसने वहां रखीं मूर्ति खंडित कर डाली। इसी बीच मंदिर में पहुंचे कुछ लोगों ने युवक को देखकर उसे पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए।

सूचना देने पर तितावी पुलिस के साथ एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है ‌कि आरोपी युवक कस्बे में ही नाई की दुकान चलाता है। उससे पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर लोगों में रोष बना है।