बस्ती। वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के बरहुआ गांव में सास- बहू के बीच कहासुनी के बाद मारपीट में घायल सास की बुधवार रात मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित बहू को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब सवा 10 बजे हुई घटना के वक्त परिवार के बाकी लोग कहीं गए हुए थे। पुलिस के अनुसार गांव की 55 वर्षीय इंद्रावती पत्नी स्व. हरिराम को उसकी बहू ने मारापीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल इंद्रावती को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष दुर्विजय ने बताया कि घटना के संबंध में आरोपित 26 वर्षीय माधुरी पत्नी सिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। क्षेत्राधिकारी सदर शक्ति सिंह भी मौके पर पहुंचे और दोनों के बीच हुए विवाद की वजह के बारे में अगल- बगल के लोगों से पूछताछ की।