सहारनपुर। गंगोह कोतवाली के गांव रंधेड़ी गांव में जानलेवा हमले के आरोपी का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के खिलाफ गांव की ही अनुसूचित जाति की महिला और उसकी सास पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। एसएसपी और एसपी देहात ने भी मौके पर पहुंच घटना स्थल का मुआयना किया।

गंगोह कोतवाली के गांव रंधेडी निवासी जोगेंद्र शुक्रवार की शाम छह बजे आबादी से सटे अपने गन्ने के खेत में गया था। वहां उसे गांव के ही मोनू 30 पुत्र सुभाष का शव पेड़ पर लटका मिला। शव मृतक के ही लोअर से लटका था। उसने इसकी सूचना मृतक के परिजनों और कोतवाली पुलिस को दी। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह और सीओ गंगोह चंद्रपाल शर्मा ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच जांच पड़ताल करते हुए शव को नीचे उतारा। इसी दौरान एसएसपी डा विपिन ताडा और एसपी देहात सूरज रॉय भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आस पास का निरीक्षण करते हुए घटनाक्रम का मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक के परिजनों का कहना है कि मोनू बृहस्पतिवार शाम से लापता था। उन्होंने शुक्रवार की सुबह उसकी गुमशुदगी की तहरीर भी थाने दी थी। उधरए बीती रात गांव के ही अनूसूचित परिवार की महिला सोनम और उसकी सास कांती पत्नी राजपाल को गंभीर हालत में सीएचसी भर्ती कराया गया थाए जहां से उन्हें जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया था। महिलाओं के परिजनों ने रात में ही मोनू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट गंगोह कोतवाली में दर्ज कराई थी। आरोप है कि मोनू ने दोनों पर चाकू से हमला किया था।

एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि मृतक युवक के खिलाफ बीती रात दो महिलाओं पर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब युवक का फांसी लगा हुआ शव बरामद हुआ है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।