सहारनपुर। शामली के बुढ़ाना रोड पर स्थित कैलाश अस्पताल के संचालक डॉं आरपी सिंह ने सहारनपुर में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। डॉं आरपी सिंह अपनी पत्नी के साथ देहरादून जा रहे थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डा आरपी सिंह 60 और उनकी पत्नी डॉ अलका विकेंड पर छुट्टियां मनाने देहरादून स्थित अपने आवास पर जा रहे थे। शनिवार रात करीब पौने नौ बजे सहारनपुर में हाईवे पर छुटमलपुर.टोल प्लाजा से पहले डिलाइट एंब्रोसिया रेस्टोरेंट पर रूके थे। रेस्टॉरेन्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज साफ दिखाई दे रहा है कि उनकी बलेनो कार रूकने के बाद उसमें से ‌उतरी डॉ अलका वाशरूम चली गई। वहीं डा आरपी सिंह कार के पास ही रहे। इसके पत्नी के आने के बाद गाड़ी में बैठते तो कभी गाड़ी से बाहर उतर कर बात करते दिखे।

काफी देर तक ऐसा ही होता रहा। 9 बजकर 20 मिनट पर डॉ आरपी सिंह रेस्टोरेंट से 10 मीटर आगे गए और इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई तो पत्नी अलका दौड़ कर उन तक पहुंची। देखा कि आरपी सिंह खून से लथपथ सड़क किनारे पड़े थे। उनकी दाई कनपटी से खून बह रहा था। यह देख उनकी पत्नी चिल्लाने लगी। उनकी आवाज सुनकर रेस्टोरेंट का स्टाफ भी दौड़ कर मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। एसपी देहात अतुल शर्मा, सीओ सदर अजेंद्र कुमार और एसओ सतेंद्र नागर फारेसिंक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए सहारनपुर भेज दिया।

एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पूछताछ में मृतक की पत्नी ने बताया कि वे विकेंड पर देहरादून स्थित अपने घर पर जा रहे थे। रास्ते में डा सिंह को बेचैनी हुई तो रेस्टोरेंट पर रुक गए। 20 मिनट क्या बात हुई इस पर पत्नी का कहना था कि बस वो कह रहे थे गाड़ी नहीं चलाई जा रही है। इस पर उन्होंने कहा वो देहरादून से अपने भाई को बुला ले, लेकिन पति ने मना कर दिया। पत्नी का यह भी कहना है कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।