बिजनौर। होली मनाने के बाद अब ड्यूटी पर गाजियाबाद जा रहे नगीना के रहने वाले इंजीनियर वैभव त्यागी (32) की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि कार चालक गंभीर रुप से घायल हुआ है। यह हादसा बिजनौर कोतवाली मार्ग पर गांव गढ़ी के पास डंपर की कार में टक्कर लगने से हुआ।

नगीना की फ्रेंडस कॉलोनी निवासी वैभव त्यागी पुत्र स्व. भोपाल त्यागी ईको गाजियाबाद जाने के लिए घर से निकले। जोकि नगीना से सलमान (34) पुत्र रशीद अहमद निवासी सैय्यदवाड़ा नगीना की कार में सवार हो गए। इनकी कार गांव रशीदपुर गढ़ी के पास पहुंची तो सड़क पर चीनी मिल से निकलने वाली मैली बिखरी पड़ी थी। सुबह के वक्त हुई बूंदाबांदी के चलते मैली ने कीचड़ का रुप ले लिया। इसी कीचड़ पर कार अनियंत्रित हो गई और डंपर से जा टकराई।
जिसमें वैभव त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार चालक सलमान गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल हो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उधर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि वैभव त्यागी बीटेक करने के बाद गाजियाबाद की एक कंपनी में नौकरी करते थे। अब होली पर अपने घर आए थे। मृतक के भाई अनुभव त्यागी नगीना में युवा भाजपा नेता हैं।
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि सड़क पर मैली बिखरने से कीचड़ जमा थी, जिसके चलते कार और डंपर की टक्कर हो गई। डंपर चालक को पकड़ लिया गया है। डंपर को भी कब्जे में लिया गया है।
