शामली। बाबरी थानाक्षेत्र के गांव कांजरहेड़ी में बच्चों के बीच झगड़े को लेकर की गई फायरिंग के दौरान पूर्व महिला प्रधान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को सीएचसी शामली में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

शुक्रवार रात करीब आठ बजे गांव कांजरहेड़ी में पूर्व महिला प्रधान सुमित्रा पत्नी धीर सिंह के परिवार के और पड़ोस में रहने वाले दूसरे परिवार के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग मौके पर आ गए। दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसी दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान गोली लगने से पूर्व प्रधान सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन घायल महिला को लेकर सीएचसी शामली पहुंचे, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि गांव कांजरहेड़ी में बच्चों के बीच विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें गोली लगने से महिला घायल हुई है। घायल महिला गांव की पूर्व प्रधान है। इस मामले में अभी पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।