बिजनौर। नजीबाबाद के मंडावली थाना क्षेत्र के गांव रामपुर चांठा में पूर्व प्रधान के पति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और छानबीन शुरू की।

गांव रामपुर निवासी मृतक सागर सिंह सैनी (68 वर्ष) की दो पत्नियां तारो देवी और चंद्रो देवी हैं। चंद्रो देवी पिछली योजना में गांव की प्रधान थी। घटना के दिन दोनों पत्नियां अपने पोते के जन्म पर उत्तराखंड के ऋषिकेश गई हुई थी। सागर सिंह घर के आंगन अकेले सोए हुए थे। छत के रास्ते से आए किसी अज्ञात व्यक्ति ने पूर्व प्रधान के पति के सिर में गोली मारी। सागर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर सीओ गजेंद्र पाल सिंह, मंडावली थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़, भागूवाला पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लिया। सागर सिंह सैनी ने दो शादियां की थी पहली पत्नी से सागर सिंह सैनी के 10 बच्चे और दूसरी पत्नी से 5 बच्चे हैं। मृतक के पुत्र हरेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते से आया था और छत के रास्ते से ही फरार हो गया। रात में अंधेरा होने के कारण हमलावर की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस को आंगन से एक कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है।