मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के फतेहपुर खेड़ी गांव के दो बार के प्रधान कलीराम उर्फ कल्लू कश्यप (65) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। शव परासौली चौकी के पास शिव मंदिर में पड़ा मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। चौकी इंचार्ज निलंबित कर दिए गए हैं।
पूर्व प्रधान कलीराम कश्यप शुक्रवार शाम चार बजे से लापता थे। परिजनों ने उन्हें इधर-उधर तलाश किया, लेकिन जानकारी नहीं मिली। ग्रामीणों को देर रात 11 बजे पुलिस चौकी के पास स्थित शिव मंदिर में खून से लथपथ शव पड़ा मिला। हत्या की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
फुगाना थान से पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव और सीओ फुगाना कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। एसएसपी अभिषेक यादव ने चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सोलंकी को निलंबित कर दिया है। एएसपी ने बताया कि चाकुओं से गोदकर हत्या की गई है। पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है। वारदात किसने और क्यों अंजाम दी इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
