मेरठ। सड़क हादसे में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डा. संदीप चौधरी का शुक्रवार को निधन हो गया। एक दिन पहले साकेत पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में वह घायल हुए थे। इलाज के दौरान नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार को सूरजकुंड में उनका अंतिम संस्कार होगा।

संदीप चौधरी गुरुवार शाम को स्कूटी से साकेत पेट्रोल पंप से होकर अपने घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हेलमेट लगाने के बाद भी संदीप के सिर पर काफी चोट आई। गंभीर हालत होने की वजह से उन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार को उनका निधन हो गया।

संदीप चौधरी वर्ष 1999 में विश्वविद्यालय में छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। तीन साल चुनाव न होने की वजह से वह लगातार छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। छात्र राजनीति के साथ वह रालोद में भी सक्रिय रहे। वर्तमान में वह अपने गांव खानपुर में एक सर्वहित कालेज आफ एजुकेशन चला रहे थे। उनके बड़े भाई डा. प्रदीप चौधरी विश्वविद्यालय में ही सांख्यिकी विभाग में शिक्षक हैं। संदीप अपने पीछे अपनी पत्नी, बेटा सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर छात्र राजनीति से जुड़े लोग और शिक्षकों ने शोक प्रकट किया है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष डा. कुलदीप उज्ज्वल ने दुख जताया है।