मेरठ। परतापुर क्षेत्र की एक कालोनी में युवती से छेड़छाड़ कर रहे आरोपी को पकड़कर लोगों ने पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। यह युवक छह माह पहले पीड़ित युवती की बहन से दुष्कर्म के मामले में भी फरार था। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि बदायूं निवासी शोभित ने शुक्रवार दोपहर छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। उस समय घर में कोई नहीं था।
उसकी बहन ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। तभी बहन ने शोर मचा दिया। भागते समय उसे कालोनी के लोगों ने पकड़ लिया। एएसपी विवेक यादव ने थाने में युवती के बयान दर्ज कराए। परिवार के लोगों ने बताया की यह युवक इस युवती की बहन के साथ छह माह पहले दुष्कर्म कर चुका है।
पुलिस में उसके खिलाफ केस भी दर्ज कराया गया था, मगर यह आरोपी तब फरार हो गया था। अब उसने फिर से ऐसा काम करने का प्रयास किया, मगर लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
