गोंडा। चार दिन पहले प्रधान प्रतिनिधि की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। युवक की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए कैसरगंज से बीजेपी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह उनके आवास पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने गोंडा पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधान प्रतिनिधि की मौत के जिम्मेदार यहां के नेता और स्थानीय पुलिस है।

सांसद ने हत्या का जिम्मेदार क्षेत्राधिकारी मनकापुर को भी बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या के आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है। बीजेपी सांसद ने जिला प्रशासन पर भी निशाना साधा कहा कि यहां की जो यूपी पुलिस है। वह बंधुआ मजदूर है विधायक व सांसद के इशारे पर काम करती है। गोंडा पुलिस कमिश्नर पर निशाना साधते हुए कहा कुर्सी पर बैठे बैठे मौज ले रहे हैं और फ्री की सैलरी उठा रहे हैं। उनसे भी हिसाब किया जाएगा। 15 दिन बाद सबसे हिसाब किताब करूंगा।

बीजेपी सांसद ने अपने ही पार्टी के सांसद और विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अन्य पार्टियों से आकर बीजेपी से टिकट पाकर जीत गए। लेकिन जो अटल के जमाने से बीजेपी के कार्यकर्ता थे उनको बीजेपी कार्यकर्ता नहीं मान रहे हैं। यहां के विधायक और सांसद का कहना है कि यहां पर रहना है तो ठाकुर ब्राह्मण व अन्य जातियों को अल्लाह अल्लाह कहना है। तांबेपुर प्रधान प्रतिनिधि भोलू सिंह की मौत होने के बाद बीजेपी सांसद ने ट्वीट कर उनकी मौत पर यूपी पुलिस की नाकामियों की बात कही थी। बीजेपी सांसद ने आज रामपुर गांव में आकर जिला प्रशासन और बीजेपी नेताओं पर साधा निशाना।

मृतक के भाई राहुल सिंह ने भाजपा विधायक प्रभात वर्मा पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा गांव के बाग में बने मंदिर पर बरसी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान विक्की वर्मा, बलजीत वर्मा के साथ दो अन्य युवक आए। उन्होंने भाई भोलू सिंह को पीछे से कनपटी पर गोली मार दी और फरार हो गए। जिनका ग्रामीणों ने पीछा किया, लेकिन हमलावरों ने कट्टा लहराया, जिस कारण ग्रामीण पीछे हट गए।