गोंडा। एलबीएस पीजी कॉलेज में अब छात्र छात्राओं को रोजगारपरक शिक्षा दी जाएगी। जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार को लेकर परेशान न होना पड़े। इसके अलावा मेडिकल और पर्यटन के नए कोर्स के लिए विश्वविद्यालय में प्रस्ताव भेजा गया है।

कॉलेज प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने कॉलेज में ही पत्रकारों से बातचीत के दौरान कॉलेज की उपलब्धियों और आगामी शैक्षिक कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज मे कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश है कि बच्चों को अपने कैरियर को चुनने में सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का बड़ा गहरा संबंध है, अभी तक देखा गया है कि महाविद्यालय में केवल डिग्री दी जा रहीं है, रोजगार के लिए कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया जा रहा है । इसलिए अब परंपरागत पढ़ाई के साथ बच्चों को रोजगारपरक शिक्षा देने पर भी जोर दिया जाएगा। मेडिकल और पर्यटन क्षेत्र के अलावा कुछ नए कोर्स के लिए विश्विद्यालय में प्रस्ताव भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि हम अपने कॉलेज को प्लेसमेंट और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। पढ़ाई के साथ बच्चों के प्लेसमेंट की भी व्यवस्था करने में मदद करेंगे। जो बच्चे प्लेसमेंट पा गए हैं उनको बुला कर बच्चों को मोटिवेट किया जाएगा। इससे कॉलेज के अन्य बच्चों को भी रोजगार पाने में सहायता मिल सकेगी।

वर्षा सिंह ने बताया कि पिछले एक साल में तीन नेशनल सेमीनार किया गया है। बच्चों को एक लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंश भी दिया जाएगा। हर दिन बच्चों को मुफ़्त योग की क्लास की व्यवस्था की जाएगी। चार स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ओपन जिम की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं रिसर्च के लिए स्मार्ट क्लास रूम की व्यवस्था की गई है जो कंप्यूटर युक्त है। इस मौके पर कॉलेज की पत्रिका वागर्थ का भी विमोचन किया गया। इस मौके पर सचिव उमेश शाह, महाविद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार पांडे, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ शैलेंद्र नाथ मिश्र व जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।