बिजनौर। हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव में बृहस्पतिवार दोपहर एक गुलदार जाल में फंस गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू किया, लेकिन पिजरे में बंद करने के दस मिनट बाद ही गुलदार की मौत हो गई। खेत पर जाल लगाने पर वन विभाग ने खेत मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बृ‌हस्पतिवार को दोपहर में हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव गंगौड़ा जट में एक गुलदार खेत में लगे जाल में फंस गया। जाल से निकलने के प्रयास में वह बुरी तरह घायल हो गया। मामले की सूचना पर डीएफओ डॉ. अनिल पटेल ने उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी।

टीम ने गुलदार को रेस्क्यू कर पिजरे में बंद कर लिया। हालत नाजुक होने के चलते दस मिनट बाद ही गुलदार ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद उप प्रभागीय वनाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान गन्ने के खेत के ‌किनारे जाल लगा मिला। वन विभाग की ओर से खेत मालिक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। वयस्क नर गुलदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा गया है।