बिजनौर। गंगा स्नान मेले में पुष्प वर्षा को लेकर हुए हेलीकॉप्टर विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है । इस मामले में हेलीकॉप्टर सर्विस कंपनी के मालिक समेत दो के खिलाफ धोखाधड़ी और मानहानि की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके एक दिन पहले हेलीकाप्टर रस्से से बांध दिया गया था।

शहर कोतवाली पुलिस ने यह केस गौरव देशवाल निवासी गांव हैबतपुर की तहरीर पर दर्ज किया है। आरोप है कि विदुर कुटी में लगे गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की जानी थी। जिसके लिए जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से कंपनी के खाते में ₹210000 भेज दिया गया। इसके बावजूद कंपनी ने पुष्प वर्षा के लिए हेलीकॉप्टर नहीं भेजा। और बाद में भेजा भी तो करीब 5 घंटे की देरी से। जिसमें दो व्यक्ति पहले से ही बैठे हुए थे।

आरोप है कि कंपनी ने जानबूझकर उन दो व्यक्तियों के साथ मिलकर साजिशन समय से हेलीकॉप्टर नहीं भेजा। जिससे निर्धारित समय पर गंगा मेले में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा नहीं हो सकी। इसके चलते हमारे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है और आम जनमानस में छवि धूमिल हुई है। जिस से प्रार्थी की मानहानि हुई पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

बता देें कि कंपनी द्वारा अनियमितता बरतने पर प्रशासन ने हेलीकाप्टर रोक लिया था और उसे रस्से से बांध दिया गया था। इतना ही हेलीकाप्टर की बैटरी भी निकाल ली गई थी। जिससे यह विवाद बढ़ गया हैं।