- सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस लाइन से उड़ान भरेगा हेलीकॉप्टर
- जिला पंचायत ने नोएडा की एक कंपनी का हेलीकॉप्टर बुक कराया
- दो बार बिजनौर से फूल लेेेगा और मेले के चक्कर लगाएगा
बिजनौर। इस बार गंगा मेला कई मायनों में अलग हो गया है। आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे से दस बजे के बीच हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी। जिला पंचायत की ओर से नोएडा की एक कंपनी का हेलीकॉप्टर बुक भी कर लिया गया है, जो सुबह करीब नौ बजे पुलिस लाइन पहुंच जाएगा। बिजनौर से मेले तक हेलीकॉप्टर दो चक्कर लगाएगा।
इस बार विदुरकुटी के पास गंगा की रेती पर लगे कार्तिक गंगा स्नान मेले में जिला पंचायत ने श्रद्धालुओं को लुभाने और आस्था से जोड़ने के लिए कई प्रयास किए हैं। पहली बार गंगा मेले में जिला पंचायत की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए है। वहीं आज शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से भी पुष्प वर्षा होगी। शुक्रवार को मेले का आखिरी दिन है और मुख्य स्नान भी है। मेले में करीब चार लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। जिला पंचायत ने बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की योजना बनाई।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद राठी को हेलीकॉप्टर की बुकिंग करने के लिए भेजा गया। देर शाम नोएडा की एक कंपनी से करीब ढ़ाई लाख रुपये में हेलीकॉप्टर बुक कर लिया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद राठी ने बताया कि हेलीकॉप्टर करीब नौ बजे पुलिस लाइन बिजनौर के हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद यहां से फूल लेकर और जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह समेत चार लोगों को के साथ उड़ान भरेगा। करीब एक घंटा तक मेले पर पुष्प वर्षा की जाएगी। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे फिर से पुलिस लाइन आकर फूल लिए जाएंगे और दोबारा मेले पर पुष्प वर्षा होगी। एएमए श्याम बहादुर शर्मा ने बताया कि हेलीकॉप्टर बुक करने लोग गए हैं। पुष्प वर्षा की योजना बनाई गई है।
