नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच हो रहे ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट मैच के दूसरे दिन स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने शानदार सैकड़ा जड़ा. यह मंधाना के टेस्ट करियर का पहला शतक है। उन्होंने यह सैकड़ा 170 गेंदों में 18 चौके और एक छक्के की मदद से लगाया।
मंधाना एलिसे पैरी की गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया. विराट कोहली (Virat Kohli) के बाद भारत की तरफ से पिंक बॉल टेस्ट में शतक लगाने वाली मंधाना दूसरी क्रिकेटर हैं। कोहली ने साल 2019 में कोलकाता टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ 136 रनों की पारी खेली थी। टेस्ट मैच के पहले दिन मंधाना ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 51 गेंदों में 11 चौकों की मदद से पचासा जड़ा था।
इस खिलाड़ी ने चार चौके तो एक ही ओवर में डार्सी ब्राउन की गेंद पर मारे। मंधाना ने पहले विकेट के लिए शेफाली वर्मा के साथ 93 रन जोड़े थे। शेफाली 31 के स्कोर पर सोफी मोलिनू की गेंद पर ताहलिया मैक्ग्रा को कैच दे बैठी थीं। सिर्फ चौथे टेस्ट मैच में जड़ा अपना पहला शतक सिर्फ 18 साल की उम्र में डेब्यू करने वाली मंधाना ने अपने पहले टेस्ट मैच में भी अर्धशतक जड़ा था।
उन्होंने यह कारनामा साल 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। इस टेस्ट के 7 साल बाद भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में लाल गेंद से क्रिकेट खेला था। यह मुकाबला तीन महीने पहले इंग्लैंड के ब्रिस्टल मैदान पर खेला गया जिसमें मंधाना ने शानदार 78 रनों की पारी खेली थी। यह मैच ड्रॉ रहा था।
