मुजफ्फरनगर। जिले में एक बेटे ने ही एक खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। उसने अपने चाचा को फंसाने के लिए अपने ही पिता की हत्या कर दी और शव खेत में गाड़ दिया। इतना ही नहीं खेत में बाजरे की फसल बो दी। इसके बाद पिता की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस को शक हुआ तो उससे सख्ती से पूछताछ की तो पुलिस के भी होश उड़ गए।

वारदात भौराकलां थाना क्षेत्र के हड़ौली गांव की है। गांव निवासी कंवरपाल 70 जून माह में संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। बेटों ने भौराकलां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सनसनीखेज खुलासा हुआ। मृतक के बेटे उपेंद्र और विक्की ने 28 जून को खेत में गला दबाकर पिता की हत्या कर दी थी और शव को अपने खेत में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया। तीन दिन पहरेदारी करते रहे।

इसके बाद जहां पिता के शव को गाड़ा गया था, वहीं पर बाजरे की फसल की बुआई कर दी। गांव में कंवरपाल के गायब होने की चर्चा रही। मृतक के बेटों ने पारिवारिक चाचा पर अंदेशा जताया था। पुलिस ने सख्ती की तो दोनों बेटे टूट गए। शुक्रवार को पुलिस हड़ौली के जंग में पहुंची। पहले चारा कटवाया और इसके बाद जेसीबी से जमीन की खुदाई कराई। करीब छह फीट नीचे से शव बरामद हो गया। पुलिस ने दोनों बेटों का चालान कर दिया है। सीओ फुगाना शरद चंद्र जोशी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि बेटों ने ही अपने पिता की हत्या की थी।