गोंडा। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने पीईटी परीक्षा व परीक्षा केंद्रों की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पीईटी परीक्षा को बहुत ही कड़े निर्देशों के साथ संपन्न कराया जाए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा किसी भी परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की कोई समस्या न होने पाए। डीएम ने कहा सभी केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती की जाएगी तथा पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती भी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पीईटी की परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न होगी तथा छात्र व छात्राओं के प्रवेश पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सभी संबंधित प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा है कि पीईटी परीक्षा में आने वाले छात्र व छात्राओं को बैठने की व्यवस्था, पानी की व्यवस्था, बिजली की व्यवस्था व ट्राफिक आदि की व्यवस्थाओं में कहीं भी कोई समस्या न होने पाये। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी सुरेश कुमार सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, एलबीएस पीजी कॉलेज प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी योगेश दीक्षित, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
