बिजनौर। प्रेमी ने शादी से इंकार कर दिया। इससे प्रेमिका इतना आहत हुई कि उसने ट्रक के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। युवती अपने प्रेमी का रिश्ता कहीं और तय होने का‌ विरोध करते हुए शादी की जिद पर अड़ी थी।

हल्दौर के गांव नवादा तुल्ला की रहने वाली वर्षा पुत्री कल्लन सिंह का गांव के ही मोहित कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार प्रेमी मोहित की शादी कहीं और तय होने लगी। मंगलवार को लड़की पक्ष के लोगों का मोहित के घर रिश्ते की बातचीत करने के लिए आना तय हुआ। जिसकी भनक वर्षा को लग गई। युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद करने लगी। आरोप है कि प्रेमी ने वर्षा के घर पहुंचकर उसके साथ गाली गलौज और मारपीट भी की। इस दौरान युवती के माता.पिता घर पर नहीं थे।

इसके बाद प्रेमिका ने हाईवे पर गांव के ही बस अड्डे के समीप ट्रक के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों को युवती का शव पड़ा मिला और मामले की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

वर्षा के पिता कल्लन सिंह ने पुलिस को अपने गांव निवासी मोहित कुमार पुत्र मूला सिंह पर उनकी बेटी को प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने के लिए उकसाने के मामले में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया। गांव में युवती की मौत को लेकर तरह.तरह की चर्चाएं फैली हुई है। उधर थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह का कहना है कि युवती ने अपने प्रेमी द्वारा शादी से इंकार करने पर किसी अज्ञात वाहन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ एससी एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है।