बिजनौर। शहर की साकेत कॉलोनी के लोग अपने काम में व्यस्त थे तो कुछ आफिस जाने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच गोलियों की आवाज सुनकर पूरे कालोनी के लोग सन्न रह गए। लोग घटनास्थल पर दौड़ कर पहुंचे। वहां दो बाइक सवार युवकों ने एक युवती की गोली मार कर हत्या कर दी और आराम से फरार हो गए। लोग जब वहां पहुंचे तो मौके पर युवती की लाश पड़ी मिली। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसपी डॉं धर्मवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बाद में युवती की पहचान एक शिक्षिका के रूप में की गई।
शुक्रवार को सुबह करीब दस बजे प्रिया दत्त शर्मा पत्नी कमल शर्मा निवासी बडावली मुरादाबाद आरबीडी कॉलेज जा रही थी। वह उसी कॉलेज में शिक्षिका थी। घर से थोड़ी दूरी पर ही कालेज होने के कारण वह पैदल ही जा रही थी। वह जब साकेत कॉलोनी के पास पहुंची तो दो बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए ।
मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को फोन किया और शिक्षिका को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से कॉलोनी में सनसनी फैल गई। एसपी डॉ धर्मवीर सिंह ने बताया कि बदमाशों ने सिर के पीछे सटाकर गोली चलाई थी। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं शिक्षिका के परिजनों का कहना है कि उसका अपने पति से ही विवाद चल रहा था और पहले भी वह हमला करने का प्रयास कर चुका था। परिजनों ने शिक्षिका के पति पर ही हत्या का आरोप लगाया है
