नई दिल्ली। इटली ने दुनिया की सबसे बड़ी ई कॉमर्स कंपनी अमेजन पर 9,827 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। उसे ऑनलाइन बाजार में एकाधिकार कायम करने के बाद छोटे व्यापारियों व कारोबारियों पर अनुचित शर्तें लादने व शर्तें न मानने पर तरह-तरह के हथकंडों से उनके उत्पादों की बिक्री घटाने का दोषी माना गया।
यूरोप में किसी ई-कॉमर्स कंपनी पर लगा यह सबसे बड़ा जुर्माना है। यहां के प्रतिस्पर्धा आयोग एजीसीएम ने अमेजन को यूरोपीय संघ के प्रतिस्पर्धा नियमों के उल्लंघन को दोषी करार देते हुए यह कार्रवाई की है। आदेश में कहा कि वह छोटे कारोबारियों के उत्पाद भी अपने प्लेटफॉर्म पर आसानी से नजर आने लायक जगहों पर बिना भेदभाव दर्शाए। सभी मानकों को सभी के लिए बराबर रखे। आयोग के अनुसार जुर्माने की रकम बड़ी रखी गई है क्योंकि अमेजन काफी लंबे समय से बाजार में खुली प्रतियोगिता को नुकसान पहुंचा कर फायदा उठाता रहा है।
दूसरी ओर अमेजन ने कहा कि वह फैसले से असहमत है। इसके खिलाफ अपील करेगा। उसने कहा कि जुर्माने की राशि बहुत ज्यादा है, आयोग ने जो कारोबारी बदलाव के सुझाव दिए, वे भी अनुचित हैं।
