बिजनौर। नूरपुर ईदगाह के पास ट्रक की टक्कर से जुगाड़ वाहन पर सवार जीजा साले की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

ग्राम पैजनिया निवासी इंद्रजीत जुगाड़ वाहन चलाकर सामान ढोने का काम करता है। सोमवार की सुबह वह अपने बहनोई रुस्तमपुर निवासी सागर के साथ पैजनिया से जुगाड़ में पुट्टी, रंग के कट्टे लादकर नूरपुर आ रहा था। जैसे ही वह नूरपुर से पहले ईदगाह के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जुगाड़ में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जुगाड़ के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार जीजा साले इंद्रजीत 16 व सागर 35 की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही जुगाड़ में सवार पैजनिया निवासी आदित्य, अजीत व राजकुमार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।