बिजनौर। नूरपुर- नहटौर रोड पर गांव मंडोरा के पास कार की चपेट में आकर एक कांवड़िए की मौत हो गई। घटना के विरोध में साथी कांवड़ियों ने सड़क पर जाम लगा दिया।

संभल जनपद के गांव बमनपुरी निवासी भोले यादव (15) पुत्र लक्ष्मण यादव गांव के अन्य लोगों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। शनिवार की रात वह गांव के कांवड़ियों की टोली के साथ कांवड़ लेकर वापस आ रहा था। गांव मंडोरा के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे में भोले गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कांवड़िये उसे लेकर पीएचसी पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बिजनौर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

भोले की मौत का पता लगने पर कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर जाम लगा दिया। कुछ देर में और भी कांवड़िये वहां पहुंच गए और जाम में शामिल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह जाम खोलने को राजी नही हुए। कांवड़ियों का हंगामा रात तक जारी रहा।