सहारनपुर। जिले के बड़गांव क्षेत्र में चलती एम्बुलेंस में ही एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। मां और बेटी स्वस्थ हैं। प्रसव होने के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

शनिवार सुबह लगभग 8:00 बजे क्षेत्र के बड़गांव क्षेत्र के ग्राम बहेड़ा की निवासी सपना को प्रसव पीड़ा हुई थी। सपना के पति संदीप कुमार ने 102 एंबुलेंस को फोन लगाया तथा अपनी पत्नी सपना को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयपुर जड़ौदा पांडा ले जाने लगे।

केंद्र तक पहुंचने से पहले ही सुबह 8:15 बजे सपना को प्रसव पीड़ा होने लगी। तब एंबुलेंस के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन) सोनू कुमार और चालक सुभाष चन्द्र ने रास्ते में ही एंबुलेंस को रोक लिया और सूझबूझ से काम लेते हुए महिला के परिजनों के साथ एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करा दिया। बाद में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयपुर में भर्ती कराया।

महिला चिकित्सक मंजू शर्मा ने बताया कि प्रसव सुरक्षित हुआ है और बच्ची भी पूरी तरह ठीक है। उधर एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी जितेंद्र सिंह, मंडल अधिकारी प्रबोध ममगईंन ने एंबूलेंस पर तैनात कर्मियों के अच्छे कार्यों की सराहना की है।