बागपत। घरों में पीओपी कराने का ठेका लेने वाले ठेकेदार की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। हत्याकांड से सनसनी फैल गई। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। युवकों से पूछताछ की जा रही है।
बड़ौत रोड से तीन दिन पहले पीओपी कराने का ठेका लेना वाला ठेकेदार रविंद्र लापता हो गया था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। शुक्रवार को ठेकेदार का शव हेवा गांव के जंगल में पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसकी पिटाई के बाद हत्या करके शव को वहां फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने इस मामले में बागपत के दो युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि उनसे ठेकेदार का एक सप्ताह पहले झगड़ा हुआ था और उस झगड़े की रंजिश में सरूरपुर से अपने साथ लेकर जाने के बाद हत्या करने की बात कही जा रही है। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
