सहारनपुर। जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने भाजपा के विधायक टी राजा सिंह द्वारा पैगंबर मोहम्मद साहब के अपमान के कृत्य को बेहद शर्मनाक और खेदजनक बताया है। मौलाना मदनी ने कहा कि यह देश के लिए भी अमर्यादित और दुनिया में बदनामी का कारण है कि सत्ताधारी दल के लोग ऐसी नापाक हरकतों को दोहरा रहे हैं।
मौलाना महमूद मदनी ने जारी बयान में राजा सिंह की गिरफ्तारी और पार्टी के जरिए की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई को समय की आवश्यकता बताया। मौलाना मदनी ने कहा कि यह जरुरी है कि ऐसे अपराधियों को वास्तविक तौर पर सजा दी जाए, ताकि इसका समाधान हो सके। साथ ही ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए जो स्वीकार करते हैं कि उन्होंने मुसलमानों की मॉब लिंचिंग के जरिए हत्या की है।
मौलाना महमूद मदनी ने कहा कि जमीयत की हमेशा से यह मांग रही है कि सभी धर्मों के पेशवाओं (महापुरुषों) के मान-सम्मान की रक्षा के लिए एक कानून बनाया जाए। जिससे इस तरह के भड़काऊपन का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से एक बार फिर मांग करते हैं कि वह परिस्थितियों की संवेदनशीलता को समझे और इस संबंध में सख्त कदम उठाने से न हिचकिचाए। उन्होंने बताया कि इस मामले में जमीयत ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की हुई है कि सुप्रीम कोर्ट अपने द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराने के लिए सरकारों को मजबूर करे।
