गोंडा। धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर का विवाद जिले में भी पहुंच गया है। यहां भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री के भाई को काफिर बताकर दबंगों ने पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आरोपित बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

मामला कोतवाली नगर के उम्मेदजोत बनकटवा गांव की है। यहां के निवासी मुहम्मद लुकमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का पूर्व जिला महामंत्री रह चुका है। वह वर्तमान में भी भाजपा का कार्यकर्ता है। उसका छोटा भाई सरफराज सुबह नमाज पढ़ने के लिया गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में जलीसे के बेटे मुनव्वर ने उसके भाई को रोक लिया और कहा कि जिस भाजपा में शामिल हो वह लोग पूरे देश में लाउडस्पीकर उतरवा रहे हैं। तुम नमाज पढ़ने क्यों जाते हो। तुम्हारा कोई ईमान नहीं है। तुम लोग काफिर हो।

इसके बाद मुनव्वर ने अपने पिता जलीसे शमसुददुहा सहित अन्य को बुला लिया। इन लोगों ने मिलकर उसके भाई की पिटाई कर दी। इस मामले की जब उसे जानकारी हुई तो वह भी मौके पर पहुंच गया तो उन लोगों ने उसकी भी पिटाई की । किसी तरह से वह अपने भाई के साथ घर आया। घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। उसके बाद आरोपित घर पर चढ़ आए। अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। घर की महिलाओं को भी अपशब्द कहे।

पीड़ित ने तिवारीपुरवा पुलिस चौकी पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद इसकी जानकारी एसपी को दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही एसपी संतोष कुमार मिश्र मौके पर पहुंच गए। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और जलीसे व मुनव्वर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी ने कहा कि माैजूदा व पूर्व प्रधान सहित गांव के लोगों के साथ वार्ता की गई है। इस तरह की बात कर चिढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर भाजपा जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महामंत्री वली मुहम्मद ने कहा कि देश में कानून सभी के लिए है। उन्होंने कहा कि दबंगों का कृत्य दुर्भाग्य पूर्ण है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।