बिजनौर। जिले के स्वाहेड़ी में बन रहे मेडिकल कॉलेज का नाम महात्मा विदुर चिकित्सा महाविद्यालय बिजनौर होगा। इस पर शासन की मुहर लग गई है। बुधवार को प्रमुख सचिव आलोक कुमार की ओर से एक पत्र जारी कर यह सूचना दी गई। यह पत्र तमाम अधिकारियों के साथ बिजनौर में जिलाधिकारी और सीएमओ को भी भेजा गया है।


मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कुछ समय पहले मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया था। इस दौरान मेडिकल कॉलेज का नाम महात्मा विदुर के नाम पर रखने की घोषणा की थी। इसके बाद से ही इसके नाम को अधिकारिक रूप से कागजों में शामिल करने की प्रक्रिया शासन में शुरू हो गई थी।

बुधवार को अधिकारिक तौर पर मेडिकल कॉलेज को महात्मा विदुर चिकित्सा महाविद्यालय बिजनौर कर दिया गया। कुल 281 करोड़ की लागत से यह मेडिकल कॉलेज 18 महीने में बनकर तैयार होने की उम्मीद है। इसके बनने के बाद बिजनौर और आसपास के युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई के लिए दिल्‍ली, मेरठ व लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। जिला अधिकारी उमेश मिश्रा ने प्रमुख सचिव आलोक कुमार का पत्र मिलने की पुष्टि की है।