गोंडा | उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव निवासी 15 श्रद्धालु बोलेरो वाहन से जलाभिषेक के लिए प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे। लेकिन इटियाथोक क्षेत्र के बेलवा बहुता नहर के पास यह यात्रा एक भीषण हादसे में तब्दील हो गई। बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिससे 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर जिलाधिकारी (DM) प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक (SP) विनीत जायसवाल, पुलिस बल तथा NDRF की टीम तत्काल राहत और बचाव कार्य में जुट गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया और शवों की तलाश की जा रही है।

हादसे में बचे चार लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

DM प्रियंका निरंजन ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज गति और मोड़ पर नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।

गौरतलब है कि सावन महीने में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अलग-अलग मंदिरों की ओर जाते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से बार-बार सावधानी बरतने की अपील भी की जाती रही है।